नई दिल्ली : पिछले दिनों भगवा वस्त्र पहन कर संसद भवन परिसर में श्री राम मंदिर चंदा चोरी का विरोध कर रहे राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव नई मुसीबत में घिरते जा रहे है। साधु संतों और सनातन के अपमान के आरोप में देश के विभिन्न राज्यों में बिहार के पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पर एफआइआर करवाई गई है। वहीं रविवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे पप्पू यादव के प्रेस कांफ्रेंस में जमकर हंगामा हुआ।
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव के साथ कथित तौर पर धक्कामुक्की और मारपीट की गई। इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ कर धुनाई कर दी। कहा जा रहा है आरोपी युवक चाकू से पप्पू यादव पर हमला करने की कोशिश की थी।
सांसद पप्पू यादव ने दावा किया कि उनकी उनकी हत्या की साजिश रची गई थी, लेकिन वह बच गए। उन्हाोंने कहा कि क्या अब लोग उनके आवास पर उनसे मिलने भी नहीं आ सकते। यादव ने कहा कि कुछ लोग उन्हें लगातार मारने और जलाने की धमकी दे रहे हैं और कह रहे है कि जो उन्हें मार देगा उसे 51 लाख रुपये इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी को काबू कर पुलिस को सौंप दिया गया है। इस घटना की वीडियो भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की तफतीश कर रही है।