लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक विसात बछने लगी है। इसी क्रम में बुधवार कांग्रेस के गढ़ में भाजपा ने बड़ा सियासी दांव चल दिया।
एक कार्यक्रम के दौरान गौरीगंज से लगातार तीन बार समाजवादी पार्टी के विधायक रहे राकेश प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उनके साथ ही अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भी भगवा चोला ओढ़ कमल थाम लिया।
विधायक राकेश प्रताप सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने तीनों विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बताया जा रहा है पिछले साल हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान ही इन विधायकों का भाजपा प्रेम जागा था और इन्होंने क्रास वोटिंग की थी। इसके बाद सपा पार्टी प्रमुख ने विधायक राकेश प्रताप सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
