11
मऊ। एक व्यक्ति का सिरकटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह शव मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के नवपुरा गांव में 30 जून मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे फोरलेन के पास मिला। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि जहां शव मिला वहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में खून से सना सिर मिला। सूचना पा कर मौके पर पहुंची कोतवाली की पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शव का एक हाथ भी कटा हुआ था।
गांव वालों के अननुसार सोमवार की दोपहर से दुर्गंध आ रही थी। मंगलवार की सुबह दुर्गंध तेज होने पर पास जाकर देखा तो युवक का गला सड़ा शव पड़ा था। गांव वालों ने बताया कि शरीर पर कुत्तों के नोचने और काटने जैसे निशान थे। बताया जा रहा है कि पुलिया के ऊपर फोरलेन पर लगी स्टील बैरिकेडिंग के पास खून के निशान मिले। घटनास्थल से एक सफेद गमछा, शराब की खाली बोतलें, गुटखा के रैपर और एबी लिखा एक स्टीकर भी बरामद हुआ है जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।