सार
- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दीपावली और बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर दी शुभकामनाएं
- कहा, वाहेगुरु के समक्ष अरदास करें कि पंजाब से नशे का अंधकार समाप्त हो और किसी भी मां को नशे के कारण अपना बेटा न खोना पड़े
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाबवासियों एवं देशवासियों को रोशनी, खुशियों और आपसी भाईचारे के पवित्र पर्व दीपावली एवं बंदी छोड़ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली और बंदी छोड़ दिवस हमें अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की जीत का संदेश देते हैं। हमें इन त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनानी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने पंजाब के लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि नशे की बुराई ने हमारे प्रदेश की युवा पीढ़ी को भारी नुकसान पहुंचाया है। नशे के कारण अनेक माताओं की गोद सूनी हुई है और हजारों परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हैं। यह दर्द केवल उन परिवारों का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब का साझा दर्द है।
उन्होंने अपील की कि इस दीपावली पर हर पंजाबी अपने घर में एक दीप उन युवाओं की याद में अवश्य जलाए, जिनकी जिंदगी नशे की भेंट चढ़ गई। इसके साथ ही वाहेगुरु के समक्ष अरदास करें कि पंजाब से नशे का अंधकार समाप्त हो और किसी भी मां को नशे के कारण अपना बेटा न खोना पड़े।
ढिल्लों ने कहा कि आइए, इस पवित्र अवसर पर नशामुक्त, स्वस्थ और खुशहाल पंजाब के निर्माण का संकल्प लें। जरूरतमंदों की सहायता करें, आपसी प्रेम और एकता को मजबूत बनाएं तथा पंजाब की चढ़दी कला, अमन-शांति और खुशहाली के लिए मिलकर अरदास करें।
