सार
- फिरोजपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए उठाया कदम
- 11 नवंबर को चलेंगी चार ट्रेनें, रेलवे की अपील-संयम रखें न हों परेशान
फिरोजपुर: छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए फिरोजपुर मंडल नियमित ट्रेनों के अलावा 15 जोड़ी त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियां चला रहा है। 9 नवंबर 2026 को चार स्पेशल ट्रेनें संचालित की गईं। इनमें अमृतसर-छपरा 04638, छेहरटा-मुजफ्फरपुर 04640, लुधियाना-सहरसा 04656 और लुधियाना-पूर्णिया 04660 शामिल हैं। मंगलवार को तीन स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। लुधियाना-सहरसा 04658, लुधियाना-दरभंगा 04662 और फिरोजपुर कैंट-पटना 04616 का संचालन किया जा रहा है।
11 नवंबर को चार ट्रेनें चलेंगी। लुधियाना-दरभंगा 04662 सुबह 06:30 बजे, अमृतसर-जयनगर 04652 सुबह 10:55 बजे, लुधियाना-सहरसा 04656 शाम 17:35 बजे और अमृतसर-कोलकाता 04624 रात 20:10 बजे रवाना होगी। मंडल ने यात्रियों से इन स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील की है।
फिरोजपुर स्थित मंडल कार्यालय के वार रूम से अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना और ढंढारी कलां रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रेनों और भीड़ की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाया जा सके। रेलवे ने यात्रियों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
पटाखे और अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर न करें यात्रा
यात्रियों से ज्वलनशील पदार्थ और भारी सामान लेकर यात्रा न करने तथा सुविधाजनक यात्रा के लिए डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया है।
