10
खास बात
-फर्जी होटल, हेलीकॉप्टर व टूर बुकिंग वेबसाइटों से सावधान रहें
-सस्ती दरों के लालच में आकर एडवांस भुगतान न करें
-OTP, बैंक डिटेल या निजी जानकारी किसी से साझा न करें
फतेहाबा। फतेहाबाद पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने जिला वासियों से अपील की है कि वे होटल, टूर पैकेज, टैक्सी या हेलीकॉप्टर बुकिंग करते समय विशेष सतर्कता बरतें।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने बताया कि हाल के समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज व व्हाट्सऐप नंबर के माध्यम से लोगों को आकर्षक ऑफर दिखाकर अपने जाल में फंसा लेते हैं। ये अपराधी सरकारी व प्रतिष्ठित कंपनियों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर एडवांस पेमेंट करवा लेते हैं, लेकिन बुकिंग की कोई पुष्टि नहीं मिलती। कई बार इन फर्जी लिंक के जरिए लोगों की बैंक व निजी जानकारी भी चुरा ली जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन बुकिंग करने से पहले संबंधित वेबसाइट या एजेंसी की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। केवल आधिकारिक वेबसाइट और प्रमाणिक प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक, ई-मेल या कॉल के माध्यम से मांगी गई जानकारी साझा न करें और बिना जांच-पड़ताल के किसी को भी भुगतान न करें। एसपी श्रीमती निकिता खट्टर ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की ठगी का शिकार होता है या उसे कोई संदिग्ध लिंक/कॉल प्राप्त होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर की गई सूचना से ठगी की राशि को रोका जा सकता है।
फतेहाबाद पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि श्रद्धालु विशेष रूप से जागरूक रहें और किसी भी लालच या जल्दबाजी में अपनी मेहनत की कमाई और निजी जानकारी जोखिम में न डालें। अंत में पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने आमजन से अपील की कि वे इस एडवाइजरी को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि साइबर ठगी के मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।