गाजीपुर: बाराचवर के सहजतपुर स्थित बाबा सत्यराम स्मारक सीताराम इंटर कॉलेज में बुधवार को संस्थापक स्वर्गीय सीताराम यादव की दूसरी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव रहे, जबकि अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभा को संबोधित करते हुए लाल बिहारी यादव ने कहा कि स्व. सीताराम यादव ने बेहद साधारण परिस्थितियों में विद्यालय की स्थापना की थी। शुरुआत में मात्र दो कमरों में बच्चों को शिक्षा दी जाती थी, लेकिन उनका उद्देश्य स्पष्ट था—गरीब और जरूरतमंद बच्चों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना।
उन्होंने बताया कि सीताराम यादव गरीब बच्चों को बिना फीस के भी पढ़ाते थे और शिक्षा को सेवा का माध्यम मानते थे। आज उनके पुत्र और कॉलेज के प्रबंधक बृजेन्द्र यादव उनके सपनों को आगे बढ़ा रहे हैं और विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।
कॉलेज के प्रबंधक बृजेन्द्र यादव ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा विद्यालय को सेवा का केंद्र बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज भी वह उसी विचारधारा पर चलते हुए गरीब बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत हैं।
रिटायर्ड शिक्षक बनवारी कुशवाहा ने भी अपने संबोधन में कहा कि सीताराम यादव शिक्षा के प्रति बेहद समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी विद्यालय की स्थापना की और बच्चों को टीन शेड में बैठाकर पढ़ाई शुरू कराई।
इस अवसर पर महेंद्र चौहान, पूर्व चेयरमैन सहकारी बैंक रामधारी यादव, रविंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

