the jharokha news

उत्तर प्रदेश

छेड़छाड़ के आरोप में घिरे कांग्रेस नगर अध्यक्ष, पांच लोगों पर केस दर्ज

छेड़छाड़ के आरोप में घिरे कांग्रेस नगर अध्यक्ष, पांच लोगों पर केस दर्ज

 

मुरादाबाद : एक महिला ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष हाजी रिजवान सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ व घर में घुसकर मारपीट के आरोप में केस दर्ज करवाया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नगर अध्यक्ष हाजी रिजवान समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी इकराम कुरैशी के भतीजे हैं। महिला का आरोप है कि हाजी इकराम कुरैशी विधायक के भतीजे होने के नाते दबंगई पर उतर आए हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।

हालांकि यह मामला सितंबर का बताया जा रहा है। पीड़िता ने 3 सितंबर को थाना गलशहीद पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मुरादाबाद के कांग्रेस महानगर अध्यक्ष और उनके पांच अन्य साथियों ने घर में घुसकर उससे छेड़खानी, गाली गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।

यह है आरोप

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पीड़िता का आरोप है कि उसके घर के नीचे बनी दुकान को फरहान क़ुरैशी नाम के व्यक्ति ने किराये पर ले रखा है। जहाँ वो कबाब बेचने का काम करता हैं। महिला ने बताया कि 26 अगस्त को उसके घर में ज्यादा धुआं आने के कारण जब उसने फरहान क़ुरैशी को टोका तो वह अपने भाई फैसल, रफीक और कांग्रेस नगराध्यक्ष हाजी रिजवान कुरैशी सहित दो- तीन अन्य लोगों को बुला लाया। महिला ने आरोप लगाया कि ये सभी उसके घर में घुस आये और उसके साथ गाली गलौच करते हुए अश्लील हरकतें करने लगे। साथ ही धमकी देने लगे कि तुम्हे जान से मार देंगे।

महिला ने कहा कि वह कांग्रेसी नेता हाजी रिजवान अच्छी तरह पहचानती है। रिजवान ने भी धमकी देते हुए कहा कि पुलिस भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि कि आरोपियों के पास हथियार भी थे। शोर शराबा होने के कारण ये सभी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

इन लोगों पर दर्ज हुआ है केस

पीड़िता की शिकायत पर मुरादाबाद की थाना गलशहीद पुलिस ने तीन सितम्बर को ही कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हाजी रिजवान क़ुरैशी, रफीक, फरहान, फैसल सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। लेकिन, महिला का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के 10 दिन बाद ही आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

आरोपी ने नहीं दी सफाई, बचाव में आए कांग्रेस जिलाध्यक्ष

छेड़छाड़ व मारपीट के आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस नगर अध्यक्ष हाजी रिजवान कुरैशी ने अपनी सफाई में कुछ नहीं कहा है और ना ही वह मीडिया के सामने आ रहे हैं। जबकि, क़ुरैशी के बचाव में कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष विनोद गुम्बर ने कहा कि रिजवान कुरैशी पर लगाए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। जल्द ही सच सामने आने के बाद ख़त्म हो जाएंगे।

मामले की जांच की जा रही है जल्द होगी कार्रवाई

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने कहा कि पुलिस को शिकायत मिली थी सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है जांच के बाद जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी किसी भी हाल में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *